तनवीर
हरिद्वार, 5 अगस्त। पॉड कार परियोजना पर रोक लगने पर व्यापारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मदन कौशिक का आभार जताया और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। व्यापारियों की बैठक को संबोधित करते हुए महानगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि राजनीतिक दल कॉरिडोर पर राजनीति न करे और व्यापारियों का इस्तेमाल कर नगर निगम चुनाव की नींव ना रखें।
महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने कॉरिडोर योजना के नाम पर कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भविष्य के नगर निगम चुनाव को देखते हुए कांग्रेस व्यापारियों के नाम पर राजनीति करने के लिए सड़को पर उतर रही है। जबकि कुछ दिन पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर स्थानीय विधायक मदन कौशिक ने व्यापारियों को आश्वासन दिया था कि कॉरिडोर के नाम पर शहर में कोई तोड़फोड़ नही की जाएगी। उन्होंने हरिद्वार को हेरिटेज सिटी बनाने का प्रस्ताव भी रखा है।
महानगर व्यापार मंडल ने भी स्थानीय सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत से कॉरिडोर पर व्यापारी हितांे का ध्यान रखने की मांग की है। राज्य सरकार द्वारा व्यापारियों के संघर्ष को देखते हुए पॉड कार योजना पर रोक लगाकर व्यापारियों की भावनाओ का सम्मान किया गया है। महानगर अध्यक्ष जितेंद्र चौरसिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रीत कमल सारस्वत एवं महामंत्री नाथीराम सैनी ने कहा कि पॉड कार योजना की तरह अगर भविष्य में कॉरिडोर के नाम पर कोई अहित योजना व्यापारियों के लिए आती है, तो सबसे पहले महानगर व्यापार मंडल संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगा। किसी भी रूप में व्यापारियों का अहित नहीं होने दिया जाएगा।
लेकिन कोई भी पार्टी राजनीतिक स्वार्थ के लिए व्यापारियों का इस्तेमाल न करे। पॉड कार योजना पर व्यापारियों का साथ देने के लिए हरिद्वार विधायक मदन कौशिक एवं मुख्यमंत्री धामी का महानगर व्यापार मंडल सम्मान करेगा। बैठक में मुख्य रूप से महानगर उपाध्यक्ष सुनील मनोचा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रीत कमल सारस्वत, जिला उपाध्यक्ष पंकज माटा, सोनू चौधरी, मुकेश अग्रवाल, संजय धीमान, राजा सिंह, दिनेश शर्मा, भूदेव शर्मा, अनिल कोरी, एसएन तिवारी मौजूद रहे।


