तनवीर
हरिद्वार, 25 नवम्बर। संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर लघु व्यापारी संगठन लघु व्यापार एसोसिएशन से जुड़ी महिलाओं ने महिला पिंक वेंडिंग जोन की अध्यक्ष पूनम माखन के संयोजन में अलकनंदा घाट पर एक बैठक का आयोजन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 2027 तक देश के सभी राज्यों के निकायों में राष्ट्रीय पत्र विक्रेता संरक्षण अधिनियम, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर योजना लागू करने की मांग की।
इस अवसर पर लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2014 मे राष्ट्रीय पत्र विक्रेता संरक्षण अधिनियम घोषित किया गया था। लेकिन 10 वर्ष बीत जाने के उपरांत भी देश के कई नगर निगमों में इच्छा शक्ति न होने के कारण लघु व्यापारियों को भारत सरकार के संरक्षण की दरकार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के 5 करोड़ लघु व्यापारियों की जनभावना का सम्मान करते हुए राष्ट्रीय फेरी नीति नियमावली को देश के सभी राज्यो मे लागू करने के लिए बड़े कदम उठाने होंगे।
महिला पिक वेंडिंग जोन की अध्यक्ष पूनम माखन ने कहा कि गंगा घाटों पर बिंदी चूड़ी माला बेचने वाली महिला स्ट्रीट वेंडर्स को अलग से वेंडिंग जोन के रूप में व्यवस्थित व्यवस्थापित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही देहरादून जाकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली को पूरे प्रदेश में लागू करने की मांग की जाएगी।
बैठक में राधा मिश्रा, सुमन गुप्ता, आशा कश्यप, सुनीता चौहान, पुष्पादास, तुलसी, संतोष देवी, गीता, सीमा, बबली, कलावती, जोली, मधु, पूनम, शीला रावत, रेखा सैनी, कस्तूरी देवी, सुमित्रा देवी, नीतीश अग्रवाल, संतोष कुमार, वीरेंद्र पंडित, मनीष शर्मा आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।


