महिला समेकित विकास योजना से बढ़ी महिलाओं की आत्मनिर्भरता , ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मिल रहा बल

Haridwar News
Spread the love

तनवीर
हरिद्वार, 25 फरवरी। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग उत्तराखंड द्वारा संचालित उत्तराखंड महिला समेकित विकास योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है। योजना के तहत बहादराबाद ब्लॉक के ग्राम गढ़मीरपुर में स्थापित दलिया एवं मसाला उत्पादन इकाइयांे के माध्यम से महिलाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें उत्पादन, पैकेजिंग एवं विपणन की व्यावहारिक जानकारी दी गई। वर्तमान में गांव में संचालित तीनों इकाइयों से जुड़ी महिलाएं रोजगार के लिए बाहर जाने के बजाए नियमित रूप से उत्पाद तैयार कर स्थानीय स्तर पर विक्रय कर रही हैं, जिससे उनकी आय बढ़ी है।

साथ ही महिलाएं अपने परिवार और बच्चों की देखभाल के साथ आर्थिक रूप से भी योगदान दे पा रही हैं। समूह के रूप में काम करने के कारण आपसी सहयोग और सामुदायिक एकजुटता भी मजबूत हुई है। लाभार्थी महिलाओं का कहना है कि इस योजना से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अब स्वयं निर्णय लेने में सक्षम हो रही हैं।

कार्यक्रम के संचालन में सहयोगी संस्था रजत शहरी एवं ग्रामोत्थान संस्थान की अध्यक्ष कनिका शर्मा ने बताया कि योजना के माध्यम से महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने का उद्देश्य सफल हो रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में उत्पादों की गुणवत्ता और विपणन के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि महिलाओं की आय और अधिक बढ़ सके। यह योजना ग्रामीण क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण का एक प्रभावी माडल बनकर उभर रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *