ब्यूरो
जल्द से जल्द बनाया जाए नगर निगम बायलॉज-मोनिक धवन
हरिद्वार, 5 मार्च। महानगर युवा इंटक के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष मोनिक धवन के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर नगर पालिका बायलॉज को बदलकर नगर निगम बायलॉज बनाने की मांग की है। मोनिक धवन ने कहा कि नगर निगम बने 10 साल से ऊपर का समय हो गया है। नगर निगम क्षेत्र का विस्तार भी कर दिया गया। लेकिन बायलॉज या कानून अभी नगर पालिका के जमाने के ही चल रहे हैं। जिसे जल्द से जल्द बदला जाए।
रूड़की महानगर अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि हरिद्वार तीर्थ नगरी में देश-विदेश से यात्री और श्रद्धालु आते हैं। यहां शराब की दुकानें देखकर उनका मन विचलित होता है। वीरेंद्र भारद्वाज ने कहा कि मीट की दुकान नगर निगम क्षेत्र से बाहर होनी चाहिए। महेंद्र गुप्ता ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध तीर्थ नगरी हरिद्वार हिंदुओं की आस्था का केंद्र है। जब यात्री ज्वालापुर क्षेत्र से होता हुआ हरिद्वार हर की पौड़ी की तरफ चलता है तो उसकी भावनाओं और आस्था पर ठेस पहुंचती है कि शराब और मांस की दुकानें अभी तक नगर निगम क्षेत्र से आगे स्थापित क्यों नहीं की गई।
लक्ष्मी मिश्रा ने कहा कि हरिद्वार तीर्थ नगरी में अब ट्रिपल इंजन की सरकार है। केंद्र और राज्य में भाजपा सरकार के साथ हरिद्वार का मेयर भी भारतीय जनता पार्टी का है। इसलिए नगर पालिका बायलॉज में परिवर्तन कर नगर निगम का बायलॉज बनाया जाए। जिससे किसी की भावनाएं आहत ना हों। मंजू रानी ने कहा कि सौ बर्ष पुराने नगर बायलॉज को बदलने के लिए सरकार को जल्द से जल्द कार्यवाही करनी चाहिए। ज्ञापन देने वालों में हरजीत सिंह, पूजा अरोड़ा, वीरेंद्र भारद्वाज, महेंद्र गुप्ता, लक्ष्मी मिश्रा, विनोद कुमार, फैयाज अली आदि शामिल रहे।