बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना व यूसीसी पर कार्यशाला का आयोजन किया

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 31 जनवरी। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत महिला अधिकारों एवं समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के विषय पर ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय के प्रेक्षागृह में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि सचिव जिला विधिक प्राधिकरण एवं सीनियर सिविल जज सिमरनजीत कौर ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों, कानूनी संरक्षण एवं समान नागरिक संहिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं में विधिक जागरूकता बढ़ाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा सामाजिक समानता की दिशा में सशक्त करना है। उन्होंने महिलाओं को बताया कि विधिक सहायता कार्यक्रम के तहत न्यायालय में विचाराधीन मामलों में पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है तथा सरकारी खर्च पर वकील उपलब्ध कराए जाते हैं। साथ ही विभिन्न अपराधों के हेल्पलाइन नंबर की भी जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के हेल्पलाइन नंबर 15100 पर कॉल कर महिलाएं किसी भी प्रकार की विधिक जानकारी प्राप्त कर सकती हैं।

मुख्य विकास अधिकारी डा.ललित नारायण मिश्रा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर योजनाओं का लाभ लें तथा समाज में नेतृत्वकारी भूमिका निभाएं। उन्होंने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए इसे सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बताया। महिलाओं एवं पुरुषों के समान अधिकारों की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने समाज में समानता और न्याय की भावना को मजबूत करने की बात कही। साथ ही महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने तथा उपलब्ध कानूनी एवं संवैधानिक अधिकारों की जानकारी प्राप्त करने का आह्वान किया।

साइबर सेल की उप निरीक्षक अनीता शर्मा, उप निरीक्षक प्रकाश चंद एवं योगेश कैथोला ने महिलाओं को साइबर अपराध से बचाव की जानकारी देते हुए अधिकतर साइबर अपराध लालच, डर या जल्दबाज़ी का फायदा उठाकर किए जाते हैं। अज्ञात कॉल या मैसेज के माध्यम से ओटीपी बैंक विवरण, एटीएम पिन या यूपीआई जानकारी मांगना साइबर ठगी का सामान्य तरीका है। किसी भी स्थिति में अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करे। स्वास्थ्य विभाग की डा.आरती ने किशोरियों एवं महिलाओं में आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन एवं विटामिन की कमी से होने वाली समस्याओं पर चर्चा करते हुए बताया कि स्वस्थ शरीर एवं मानसिक विकास के लिए पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने हरी सब्ज़ियों, फल, दालें, दूध एवं मोटे अनाज को दैनिक आहार में शामिल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर के बारे में भी जानकारी दी और बताया कि जल्द ही 14 वर्ष तक की बालिकाओं को वैक्सीन भी लगाई जाएगी। हाईकोर्ट के अधिवक्ता ललित मिगलानी ने बताया कि महिलाओं को घरेलू हिंसा कानून के बारे में जानकारी होनी चाहिए कि कैसे वो अपने अधिकारों के प्रति सजग रहे तथा ड्रग्स के बढ़ते चलन को देखते हुए कैसे बचे तथा ड्रग्स को बेचना,खरीदना कानूनी अपराध है। जिला बाल विकास अधिकारी धर्मवीर सिंह ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम का संचालन संतोष रावत ने किया। इस अवसर पर अतिथीयों ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ थीम पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं मोनिका, यशिका सैनी, निर्मला, अनुष्का एवं प्रिया को स्मृति चिन्ह एव प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यशाला में सहायक परियोजना निर्देशक नलिनीत घिल्डियाल, हाईकोर्ट के अधिवक्ता ललित मिगलानी, रमन सैनी, विनीत चौधरी, योगिता सिंह, रेवती, सिद्धांत, मीनाक्षी सहित स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, महिला प्रधान एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *