सड़क निर्माण के लिए प्रधानमंत्री को लिखा पत्र

Haridwar News
Spread the love


चार वर्ष से जर्जर अवस्था में है सराय बाइपास रोड़-विपिन गुप्ता
हरिद्वार, 24 फरवरी। राजलोक विकास समिति एवं शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर के अध्यक्ष विपिन गुप्ता ने प्रधानमंत्री को पत्र प्रेषित कर हरिलोक तिराहे से सराय गांव होते हुए एकड़ तक जाने वाले तीन किमी लंबे सराय बाईपास रोड का निर्माण कराने की मांग की है। पत्र में विपिन गुप्ता ने अवगत कराया है कि पिछले चार वर्ष से सराय बाईपास रोड अत्यंत जर्जर अवस्था में है। सड़क पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन चुके हैं। जिससे वाहन चालकों, छात्रों एवं व्यापारियों को रोजाना भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

सड़की खराब हालत की वजह से दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहती है। विपिन गुप्ता ने कहा कि सिंचाई विभाग उत्तराखंड के अधीन वाली सड़क का वर्ष 2019 में स्वीडन के राजा के सराय क्षेत्र में आगमन के अवसर पर केवल औपचारिक रूप से अस्थायी सुधार किया गया था। इसके पश्चात विभाग द्वारा सड़क की कोई सुध नहीं ली गयी। विभागीय अधिकारियों को अनेक बार पत्राचार, सीसीआर बैठक एवं अन्य माध्यमों से अवगत कराया जा चुका है। गत वर्ष लगभग 12 लाख की धनराशि स्वीकृत होने के उपरांत केवल गड्ढों में मलबा एवं बजरी भरकर अस्थायी सुधार किया गया, लेकिन पहली ही बरसात में सड़क पुनः क्षतिग्रस्त हो गयी।

2023 में विभाग के सहायक अभियंता ने बरसात के बाद सड़क का निर्माण कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन अब तक ना तो सड़क का पुर्ननिर्माण कराया गया, ना ही मरम्मत करायी गयी। कुछ स्थानों पर किया गया पैचवर्क भी पुनः उखड़ चुका है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। विपिन गुप्ता ने बताया कि यह सड़क लगभग 80 से अधिक गांवों एवं 30 से अधिक आवासीय कॉलोनियों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इसके अतिरिक्त 4 विद्यालय एवं अनेक व्यावसायिक प्रतिष्ठान इसी मार्ग पर स्थित हैं। सड़क की खराब हालत की वजह से आए दिन ई-रिक्शा एवं दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। बरसात में सड़क के गड्ढों में जलभराव होने पर स्थिति और भी जोखिमपूर्ण हो जाती है। गड्ढा मुक्त सड़क के सरकारी संकल्प के बावजूद यह महत्वपूर्ण मार्ग अब तक उपेक्षित है। विपिन गुप्ता ने प्रधानमंत्री से जनहित में सड़क के पूर्ण निर्माण अथवा सुदृढ़ीकरण हेतु संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *