तनवीर
हरिद्वार, 2 अप्रैल। गुरू रविदास साधु संप्रदाय सोसाइटी पंजाब के अध्यक्ष संत निर्मलदास ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंटकर गुरू रविदास के 649वें प्रकाशोत्सव के अवसर पर निर्मला छावनी स्थित भगवान रविदास आश्रम में 4 अप्रैल को आयोजित की जा रही दमड़ी यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। संत निर्मलदास ने मुख्यमंत्री को भगवान रविदास का चित्र भी भेंट किया। मुख्यमंत्री आवास में भेंट के दौरान राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल भी मौजूद रहे। संत निर्मलदास ने बताया कि गुरू रविदास के प्रकाशोत्सव के अवसर पर प्रतिवर्ष पंजाब के जालंधर से हरिद्वार तक दमड़ी यात्रा निकाली जाती है।
जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। उन्होंने बताया कि दमड़ी यात्रा 4 अप्रैल को निर्मला छावनी स्थित भगवान रविदास आश्रम पहुंचेगी। इसके बाद साध संगत द्वारा हरकी पैड़ी तक दमड़ी शोभायात्रा निकाली जाएगी। हरकी पैड़ी पर गंगा आरती में भाग लेने के उपरांत शोभायात्रा वापस निर्मला छावनी में आकर संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि 5 अप्रैल को अखंड पाठ और भजन कीर्तन के उपरांत कार्यक्रम संपन्न होगा।


