हरिद्वार, 19 नवम्बर। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर देश के प्रति उनकी सेवाओं को नमन किया। ज्वालापुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व क्षमता की धनी थी।
कठिन समय में भी वे साहसपूर्ण निर्णय लेती थीं और उसकी ज़िम्मेदारी अपने ऊपर लेती थीं। 1971 के युद्ध के दौरान देश ने उनके इसी साहस को देखा। बैंकों के राष्ट्रीयकरण के उनके फैसले ने गांवों में बैंक शाखाओं के विस्तार और किसानों व छोटे कारोबारियों तक ऋण पहुंचाने का रास्ता खोला। प्रदेश कांग्रेस महासचिव व प्रभारी नरेंद्र सिंह राणा और युवा नेता वरुण बालियान ने कहा कि हरिद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ता के तौर पर हमारी ज़िम्मेदारी अपने वार्ड और मोहल्ले से शुरू होती है।
किसी बुज़ुर्ग को पेंशन के लिए चक्कर लगाने पड़ रहे हों या किसी बस्ती के लोग पीने के साफ़ पानी की शिकायत लेकर आएं, तो कार्यकर्ता उनकी बात सुने, संबंधित अधिकारी तक पहुंचाकर समाधान कराएं। इसके बाद संबंधित व्यक्ति से काम होने या नहीं होने की जानकारी लीं। स्व.इंदिरा गांधी की जयंती पर उनके प्रति अपना सम्मान व्यक्त करने का यह सबसे सार्थक तरीका है। महिला कांग्रेस की महानगर अध्यक्ष लता जोशी और महानगर उपाध्यक्ष अंजू द्विवेदी ने कहा कि भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में इंदिरा गांधी ने देश की बेटियों के सामने नेतृत्व की एक मिसाल रखी।
पूर्व पार्षद इसरार अहमद और वरिष्ठ नेता दिनेश वालिया ने कहा कि नई पीढ़ी को भी इंदिरा गांधी के जीवन से परिचित कराना चाहिए, ताकि वह समझ सके कि उनके दौर के फैसलों ने आम परिवारों के जीवन को कैसे प्रभावित किया। श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से पार्षद प्रतिनिधि अकरम अंसारी, पार्षद प्रतिनिधि वसी गौड़, महानगर कांग्रेस महासचिव शादाब ख़ान, मण्डलम अध्यक्ष अयान सैफी, अज्जू खान, इलमास इम्मी, गय्यूर प्रधान, पूर्व पार्षद रियाज अंसारी, प्रदीप कुमार, विराट बर्मन, तुषार चौधरी, मोहित चौधरी, सुनील कश्यप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।




