तनवीर
हरिद्वार। एसएमजेएन पीजी कॉलेज में शुक्रवार को स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए आशीर्वाद एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। भावुक पलों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे समारोह में शिक्षकों ने छात्रों को “नैतिकता से समझौता नहीं” का गुरु मंत्र दिया।
श्रीमहंत डॉ रविंद्र पुरी ने दिया आशीर्वाद
मुख्य अतिथि कॉलेज प्रबंध समिति अध्यक्ष और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि महाविद्यालय में मिली शिक्षा और संस्कार जीवनभर मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ही विरासत और परंपरा रूपी वटवृक्ष के सम्पोषक हैं। छात्रों ने श्रीमहंत को “दानवीर कर्ण” के टाइटल से नवाजा।
प्राचार्य बोले: नैतिकता से समझौता न करें
प्राचार्य डॉ सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि विदाई किसी अंत का संकेत नहीं बल्कि एक नई गौरवशाली यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने छात्रों को जीवन का सबसे अहम मंत्र दिया कि किसी भी परिस्थिति में अपनी नैतिकता और मूल्यों से समझौता न करें। अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ संजय माहेश्वरी ने कहा कि कठिन परिश्रम ही सफलता की असली कुंजी है।
मिस्टर-मिस एसएमजेएन का ऐलान
समारोह में रैंप वॉक मुख्य आकर्षण रही। राजनीति शास्त्र के छात्र भावेश को “मिस्टर एसएमजेएन” और एमए राजनीति शास्त्र की छात्रा तनिशा को “मिस एसएमजेएन” चुना गया। बेस्ट परिधान का खिताब करण भारद्वाज और एमकॉम की छात्रा ईशा को मिला। प्रभात और भव्या जोशी सबसे स्टाइलिश छात्र-छात्रा चुने गए।
टॉपर हुए सम्मानित
परीक्षा में सर्वाधिक अंक पाने पर एमकॉम की कीर्ति शर्मा, एमए अर्थशास्त्र की मानसी विश्नोई और राजनीति विज्ञान की रिया कश्यप को सम्मानित किया गया। छात्रों ने शिक्षकों को भी विशेष टाइटल देकर सम्मान दिया।
सांस्कृतिक रंग में रंगा समारोह
चारू, संध्या, मोनिका और माही के समूह नृत्य, प्राध्यापिका अमिता मल्होत्रा, पूर्व छात्र मेहताब आलम, शीना भटनागर और लक्ष्मी के गीतों ने समां बांध दिया। मोहिनी के काव्य पाठ और गंगा के नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन रुचिता सक्सेना, डॉ मीनाक्षी शर्मा एवं डॉ पल्लवी ने किया।
इस मौके पर डॉ नलिनी जैन, प्रो विनय थपलियाल, डॉ शिव कुमार चौहान, डॉ मनोज कुमार सोही समेत बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


