हरिद्वार, 14 मई। हरियाणा के कैथल में चमार रेजीमेंट के स्तंभ को तोड़े जाने के विरोध में चमार वाल्मीकि महासंघ के कार्यकर्ताओं ने जगजीतपुर अंबेडकर पार्क में अंबेडकर प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया और स्तंभ तोड़ने वालों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की। चमार वाल्मीकि महासंघ के अध्यक्ष भंवर सिंह ने कहा कि हरियाणा के कैथल में गौरवशाली चमार रेजीमेंट के स्मारक को तोडे जाने से समाज में भारी रोष है। भंवर सिंह ने कहा कि दूसरे विश्व युद्ध में चमार रेजीमेंट के शौर्य के प्रतीक 80 साल पुराने स्तंभ को तोड़ने वालों पर सरकार को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
डा.अंबेडकर पार्क समिति जगजीतपुर के अध्यक्ष एवं पूर्व ग्राम प्रधान श्यामसुंदर आदित्य ने कहा कि मूल निवासी बहुजन समाज के योद्धाओं की निशानियों, अंबेडकर प्रतिमा, संविधान, गौरवशाली चमार रेजीमेंट स्तंभ, बहुजन महापुरुषों के नाम से बने चौक चौराहों, विश्वविद्यालयो आदि को मिटाने वालो की बोखलाहट और भाजपा शासन प्रशासन की बहुजन समाज के महापुरुषों अपमान पर चुप्पी साफ दिखाई दे रही है। प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर में कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कड़ी कानूनी कार्यवाही नहीं की गई तो संगठन धरना प्रदर्शन करने पर बाध्य होगा।


