तनवीर
हरिद्वार, 25 मई। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को तमंचे व कारतूस समेत गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की देर शाम काका चिकन ढाबे पर कुछ लड़कों के बीच आपस में लड़ाई झगड़े और एक लड़के द्वारा तमंचा लहराने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने माौके से वीर गोस्वामी पुत्र सुनील गोस्वामी निवासी जोगिया मण्डी को तमंचे व जिंदा कारतूस समेत हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ ढाबे पर चिकन खाने आया था। जहां कुछ लड़कों से विवाद हो गया। तमंचा उसने केवल डराने के लिए लहराया था। पुलिस ने सूचना देने वाले पीड़ित पक्ष के कार्तिक शुक्ला पुत्र बन्टी शुक्ला निवासी आर्यनगर चौक ज्वालापुर की तहरीर पर वीर गोस्वामी सहित अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकद्मा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में एसआई रविन्द्र जोशी, कांस्टेबल अमित गौड़ व राजेश बिष्ट शामिल रहे।


