हरिद्वार में कांवड़ यात्री को गोली मारने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, मामूली कहासुनी के बाद हुई थी फायरिंग

Haridwar News
Spread the love


हरिद्वार, 1 जून। गुरूकुल कांगड़ी के पास कांवड़ यात्री को गोली मारने की घटना का खुलासा करते हुए कोतवाली कनखल पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने मामूली कहासुनी के बाद फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। सभी आरोपी 20 से 22 वर्ष आयु के हैं।

घटना का खुलासा करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि बाइक सवार कुछ युवकों ने गंगा जल लेकर लौट रहे उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कांवड़ यात्रीयों से कहासुनी होने पर फायरिंग कर दी थी। जिसमें गोली लगने से एक कांवड़ यात्री हरियाणा के पानीपत निवासी अजय पुत्र नरेश घायल हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को भूमानंद अस्पताल भिजवाया।

जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रैफर कर दिया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल शिवराज पुत्र जबर सिंह निवासी शांतिपुरम कालोनी जगजीतपुर कनखल को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया।

उससे पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों आदित्य कुमार पुत्र राजकुमार निवासी शांतिपुरम कालोनी जगजीतपुर कनखल,. हेमंत कुमार पुत्र मनोज कुमार निवासी जगजीतपुर एवं वंश गुप्ता पुत्र अखिलेश गुप्ता निवासी फुटबॉल ग्राउंड जगजीतपुर को भी गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमे लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply