हरिद्वार, 05 जून। अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजत शहरी एवं ग्रामोत्थान संस्थान द्वारा विकासखंड बहादराबाद के ग्राम तेलीवाला में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस दौरान प्रतिभागियों को वृक्षारोपण, जल संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण की रोकथाम, स्वच्छता तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने और आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
रजत शहरी एवं ग्रामोत्थान संस्थान के प्रतिनिधि शिव प्रसाद सेमल्टी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारों या संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास समय की आवश्यकता है। उन्होंने पौधारोपण, जल बचत और प्लास्टिक के सीमित उपयोग को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन से उत्पन्न चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरणीय समस्याओं के समाधान के लिए सामुदायिक सहभागिता और जन-जागरूकता बेहद जरूरी है।
सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं हरित बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संस्थान की टीम के मोहित कटारिया, अंकित कुमार एवं पारुल ने भी पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।


