कुंभ और शहर के विकास को लेकर मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

Haridwar News
Spread the love


हरिद्वार, 6 जून। राज्य आंदोलनकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता चौगेशचंद्र पांडे तथा स्वामी रामप्रकाश चैरिटेबल हॉस्पिटल के निदेशक डा.संजय शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन प्रेषित कर कुंभ क्षेत्र और शहर के विकास से संबंधित कई जनहितकारी प्रस्तावों पर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में चौगेशचंद्र पांडे एवं डा.संजय शाह ने कहा कि हरिद्वार में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

जिसके चलते यातायात, पार्किंग, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दिए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कुंभ क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लाईओवर मिट्टी आधारित न होकर आरसीसी संरचना में बनाए जाएं, ताकि उनके नीचे पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित की जा सके। ऋषिकुल पुल और शंकराचार्य चौक पर यातायात के भारी दबाव को देखते हुए फ्लाईओवर निर्माण किया जाए।

इसके अलावा प्रेमनगर पुल से कृष्णा नगर पुलिया तक फ्लाईओवर अथवा उच्च स्तरीय सड़क मार्ग का निर्माण तथा रामदेव की पुलिया क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण या फ्लाईओवर का निर्माण किया जाए। जिससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम हो सके। ज्ञापन में चौगेशचंद्र पांडे एवं डा.संजय शाह ने घाटों के विकास को लेकर भी कई सुझाव दिए गए हैं। जिसमें नए घाटों पर सीढ़ियां नदी की तलहटी तक बनाने, ताकि जलस्तर कम होने की स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षा दीवार पार कर नीचे न उतरना पड़े और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।

इसके साथ ही नव निर्मित और प्रस्तावित घाटों पर पर्याप्त हाई मास्ट लाइट एवं एलईडी प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है। ज्ञापन में नए हरिद्वार गंगा पुल के शीघ्र विस्तार, प्रस्तावित रिंग रोड से जुड़ी सड़कों का 30 से 40 फीट तक चौड़ीकरण, ऋषिकुल तिराहे से ऋषिकुल पुल तक सड़क चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण तथा ऋषिकुल मैदान में बाउंड्री वॉल निर्माण करने की मांग भी की गई है। इसके अलावा श्रीयंत्र मंदिर पुल से बैरागी कैंप रोड तक स्थित छोटे सड़क मार्ग के निर्माण और सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव भी रखा गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम और सुरक्षित हो सके।