हरिद्वार, 18 जुलाई। शनिवार दोपहर बाद हुई बरसात से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। हालांकि भगतसिंह चौक रेल पुलिया के नीचे बरसाती पानी भरने से परेशानी भी झेलनी पड़ी। रेल पुलिया के नीचे जलभराव होने पर भेल, रोशनाबाद की और जाने वाले वाहनों को पुलिस ने पुराना रानीपुर मोड़ होते हुए टिबड़ी मार्ग से भेजा। जल्दबाजी के चक्कर में कई कार, स्कूटी और बाइक पुलिया के नीचे हुए जलभराव में फंस गयी।
जलभराव में फंसी एक कार को स्थानीय युवकों ने धकेलकर जलभराव से बाहर निकाला। नगर निगम टीम ने पंप चलाकर पुलिया के नीचे भरा बरसाती पानी निकाला। गौरतलब है कि जरा सी बरसात में ही भगतसिंह चौक से लेकर चंद्राचार्य चौक तक सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो जाती हैं। जलभराव की वजह वाहन चालकों, व्यापारियों और आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय व्यापारी सचिन अग्रवाल ने बताया कि वर्षो से जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने स्थानीय सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और विधायक मदन कौशिक से केंद्र और राज्य सरकार के स्तर पर प्रभावी योजना लाकर भगतसिंह चौक, रेल पुलिया और चंद्राचार्य चौक तक होने वाली जलभराव समस्या का समाधान करने की मांग की है। अन्य व्यापारियों का भी कहना है कि समस्या का जल्द से जल्द से समाधान किया जाना चाहिए।


