अधिकारियों को दिए सभी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश
हरिद्वार, 18 जुलाई। विकास कार्यों को गति देने के लिए मेयर किरण जैसल ने निर्माण, संपत्ति एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों, राजस्व से जुड़े विषयों तथा जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मेयर किरण जैसल ने शहर में संचालित विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों से प्रत्येक परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे के निर्देश देते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी दी।
मेयर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं नियमित निगरानी पर जोर देते हुए कहा कि विकास कार्यों का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और जनता से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। संपत्ति विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने राजस्व संग्रह में वृद्धि, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण तथा विभागीय कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
साथ ही शहर के विकास से जुड़े प्रस्तावों एवं आगामी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि शहर का समग्र विकास नगर निगम की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं ईमानदारी से निर्वहन करें, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा चल रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी।


