तनवीर
हरिद्वार, 23 जुलाई। शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर एवं राजलोक कालोनी के अध्यक्ष विपिन गुप्ता ने एसपी सिटी को पत्र लिखकर कांवड़ मेले के दौरान सराय रोड़ पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने की मांग की है। पत्र में विपिन गुप्ता ने कहा कि सराय रोड़ पर कई आवासीय कालोनियां व्यवसायिक प्रतिष्ठान, अस्पताल और स्कूल स्थित हैं। कांवड़ मेले के दौरान सड़क के दोनों और बड़े-बड़े ट्रक खड़े कर दिए जाते हैं।
सड़क बाधित होने के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होता है और दस दिनों तक अत्यधिक असुविधा का सामना करना पड़ता है। मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में अस्पताल जाना भी मुश्किल हो जाता है। कांवड़ वाहनों द्वारा अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाने से स्थानीय लोगों, छात्रों व रोगियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विपिन गुप्ता ने कहा कि श्रद्धालुओं की व्यवस्था के साथ स्थानीय नागरिकों की आवश्यकताओं का भी समान रूप से ध्यान रखा जाए। स्थनीय लोगों के निर्बाध आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग, आपातकालीन वाहनों की सुचारु आवाजाही तथा ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जाए। जिससे अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।


