हरिद्वार, 23 अगस्त। थाना सिडकुल पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक नाबालिग है। आरोपी चोरी की गयी मोटरसाइकिल को बेचने की फिराक में थे। मूल रूप से बिजनौर निवासी वर्तमान में महादेवपुरम कालोनी मे रह रहे शिवम कुमार पुत्र रोहिताश सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर मोटरसाइकिल चोरी कर लिए जाने के संबंध में मुकद्मा दर्ज कराया था।
मुकद्मा दर्ज करने के बाद जांच पड़ताल कर रही पुलिस टीम ने दवा चौक पर चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर आ रहे दो लोगों को रूकने का इशारा किया तो पुलिस को देखकर दोनों मोटरसाइकिल लेकर वापस भागने लगे। लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल उन्होंने कुछ दिन पहले व्हाइट हाउस महादेवपुरम से चोरी की थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी राज यादव पुत्र रमेश यादव निवासी ग्राम लालपुर थाना जलालपुर जिला जौनपुर उत्तर प्रदेश हाल पता व्हाइट हाउस महादेवपुरम सिडकुल को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही नाबालिग को नियमानुसार संरक्षण में ले लिया। पुलिस टीम में एसआई इंद्रजीत सिंह राणा, कांस्टेबल हरिराज शामिल रहे।


