रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम की पहल सराहनीय- मयूर दीक्षित
हरिद्वार, 22 नवम्बर। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर कनखल स्थित रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम में जागरूकता अभियान के तहत मधुमेह से संबंधित चित्रकला प्रदर्शनी व संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रिबन काटकर और दीप प्रज्वलित कर चित्रकला प्रदर्शनी एवं संगोष्ठी का उद्घाटन किया।
जिलाधिकारी ने स्वामी रामकृष्ण परमहंस, मां शारदा एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण कर नमन किया और रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम द्वारा बचपन से ही मधुमेह से पीड़ित बच्चों के अंदर जीवन जीने की कला एवं चाहत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि किसी को जीवन जीने की कला सीखने और राष्ट्र निर्माण में सहयोग देने के लिए प्रेरित करना सबसे पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि मधुमेह से पीड़ित बच्चों को देश और समाज के लिए बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करना मिशन का सराहनीय कार्य है।
जिला प्रशासन भी इसमें सहयोग करेगा। रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम के सचिव डा.स्वामी दयामूर्त्यानंद महाराज ने कहा कि 20 साल पहले मधुमेह से पीड़ित छोटे-छोटे तीन बच्चों के साथ मधुमेह का उपचार करने और उन्हें जीवन जीने के लिए प्रेरित करने के लिए क्लब स्थापित किया गया था और जिसमें आज 180 बच्चे और युवा शामिल हैं, जिन्हें रामकृष्ण मिशन के चिकित्सक मधुमेह से लड़ने के लिए प्रेरित करते हैं और उनके भीतर जीवन जीने का जज्बा पैदा करते हैं।
कार्यक्रम में मधुमेह से पीड़ित 5 साल के बच्चों से लेकर से 25 साल तक के युवाओं ने भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए। मधुमेह से पीड़ित बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर अपने जीवन में मधुमेह से लड़ने का जज्बा दिखाते हुए संदेश दिया कि वे किसी से कम नहीं है। इस अवसर पर बच्चों ने कई खेलों में भाग लिया। स्वामी निखिलेश्वरानंद महाराज ने भेड़ और शेरनी की कहानी सुनाकर बच्चों को आत्मबल से जीवन जीने की प्रेरणा दी।
रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम के सचिव डा.स्वामी दयामूर्त्यानंद महाराज ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को स्मृति चिन्ह, स्वामी विवेकानंद से संबंधित पुस्तकें एवं शाल भेंटकर सम्मानित किया। 25 वर्षीय युवा एडवोकेट एवं नेशनल बॉडीबिल्डर हितार्थ प्रिंस ने अपने अनुभव सुनाते हुए बताया कि वह 5-6 वर्ष की उम्र में मधुमेह से पीड़ित और निराशा की अवस्था में रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम में आए थे। 20 साल पहले मधुमेह से पीड़ित बच्चों का एक क्लब बनाया गया और उन्हें सेवाश्रम के स्वामी और चिकित्सकों ने जीवन जीने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का संचालन मधुमेह से पीड़ित युवा मयंक ने किया। इस अवसर पर रामकृष्ण मिशन राजकोट से पधारे स्वामी निखिलेश्वरानंद महाराज, जगदीश महाराज, महंत गुरमीत सिंह, स्वामी नित्यानंद, वरिष्ठ चिकित्सक डा.समरजीत चौधरी, डा. दीपक कुमार, डा.रश्मि, डा.कुलदीप सिंह, डा.अश्विनी अनेजा, अमेरिका से आए डा.विध,ु शिखर पालीवाल, नर्सिंग विभाग की डायरेक्टर मिनी यौनोहन, डा.राधिका नागरथ, रविंद्र नारंग, अमरजीत सचदेवा, वागीश पालीवाल, गोकुल सिंह, सुरभि सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।




