जलभराव और सीवर लाइन चोक होने की समस्या से जूझ रहे व्यापारियों ने किया डमरू बजाकर प्रदर्शन

Haridwar News
Spread the love


समस्या का निराकरण होने तक जारी रहेगा विरोध प्रदशन-अशोक शर्मा
हरिद्वार, 4 सितम्बर। जलभराव और सीवर लाइन चोक होने की समस्या से जूझ रहे सप्तऋषि क्षेत्र के व्यापारियों ने पूर्व सभासद अशोक शर्मा के नेतृत्व में शासन प्रशासन के खिलाफ डमरू बजाकर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर अशोक शर्मा और करण राणा ने कहा कि पिछले 25 वर्षों से विधायक द्वारा किया जा रहा विकास सामने आ रहा है। यात्री बाहुल्य क्षेत्र में जलभराव, सीवर लाइन चोक होने और क्षतिग्रस्त सड़क से लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जब तक समस्या का निराकरण नहीं होता तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

सरकार को जगाने के लिए डमरू बजाया जा रहा है। विधायक पांच वर्ष में सिर्फ एक बार वोट मांगने आते हैं। सन्नी मल्होत्रा व पार्षद सुनील कुमार ने कहा कि गहरी नींद में सोए प्रशासन और नगर निगम का जगाने का प्रयास किया जा रहा है। पूरे शहर का बुरा हाल है। लोग परेशानियों को झेल रहे हैं। शहर की तमाम सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। व्यापारी परेशान हैं, लोग चोटिल हो रहे हैं। लेकिन कोई सुध लेने वाला नहीं है। स्थानीय व्यापारी जितेंद्र सिंह व मनोज ने कहा कि जलभराव, सीवर चोक होने और सड़क क्षतिग्रस्त होने कारण व्यापार भी चौपट हो रहा है।

दुकान का किराया निकालना भी मुश्किल है। क्षेत्र के आश्रमों, मंदिर में रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। सभी सीवर के दूषित पानी से होकर निकलते हैं। सड़कों पर सीवर का गंदा पानी बहने से संक्रामक रोगों का खतरा भी मंडरा रहा है। प्रदर्शन करने वालों में मोहनचंद्र, सुनील शर्मा, अजय, कर्तव्य ममगई, विकास कुमार, अंकुश भाटिया, प्रिंस, राजेंद्र, ओमप्रकाश आदि शामिल रहे।

Leave a Reply