हरिद्वार, 4 सितम्बर। शुक्रवार को सवेरे से दोपहर तक हुई बारिश से हरिद्वार, ज्वालापुर, कनखल सहित शहर की तमाम सड़कों पर जल भराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर दुकानों में बरसात का पानी घुस गया। जिससे व्यापारियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। भगत सिंह चौक के समीप रेल पुलिया के नीचे जलभराव होने से वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी।
लगातार बारिश होने से सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। ज्वालापुर के कटहरा बाजार, चौक बाजार, गुरुद्वारा रोड, रेलवे फाटक के अलावा भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड़, कनखल, भूपतवाला आदि तमाम इलाकों में सड़कों पर जलभराव होने से जनजीवन प्रभावित रहा। तेज बारिश के कारण लोग अपने घरों में कैद रहे। हालांकि बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली।


