हरिद्वार, 26 अक्टूबर। कनखल कोतवाली पुलिस ने अवैध वसूली और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हिस्ट्रीशीटर है और उस पर हत्या के तीन मामलों सहित 22 मुकद्मे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी महीने में कम-कम से तीन बार शांति भंग के आरोपों में गिरफ्तार होता है। छूटने के बाद फिर से आपराधिक कृत्यों में संलग्न हो जाता है।
रविवार को रविदास बस्ती निवासी देवनन्द मंडल व आनन्द कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बस्ती के ही रहने वाले हिस्ट्रीशीटर अमित कटारिया पर आए दिन दुकान से सामान लेने और पैसे मांगने पर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकद्मा दर्ज कराया था। पीड़ितों ने आरोपी पर शराब पीने के लिए पैसे मांगने और डर का माहौल बनाने का आरोप भी लगाया और बताया कि आरोपी खुलेआम कहता है कि उसने तीन कत्ल किए हैं।
उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। मुकद्मा दर्ज करने के बाद एसएसआई अनुज सिंह ने पुलिस टीम के साथ आरोपी को उसके घर से दबोच लिया। एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि आरोपी को इसके पूर्व भी 14 और 24 अक्टूबर को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।




