हरिद्वार, 11 नवम्बर। रानीपुर से टिकट की मांग कर रहे पूर्व राज्य मंत्री डा.संजय पालीवाल ने कहा है कि टिकट मांगना कार्यकर्ता का अधिकार है। छात्र राजनीति से राजनीतिक जीवन में प्रवेश करने के बाद से कांग्रेस में सक्रिय डा.संजय पालीवाल ने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र से तीन बार के विधायक आदेश चौहान जनाकांक्षाओं पर खरा नहीं उतरे हैं। कांग्रेस शासन के दौरान रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सिडकुल की स्थापना की गयी।
लेकिन विधायक आदेश चौहान सिडकुल में 70 प्रतिशत रोजगार स्थानीय युवाओं को दिलाने के लक्ष्य को भी पूरा नहीं कर पाए हैं। विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। अनियोजित कॉलोनियों का निर्माण होने से जनता जलभराव की समस्या से जूझ रही है। कांग्रेस की गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करना है तो एकजुट होना होगा। एकजुटता से ही चुनाव जीत सकते हैं।
रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में ब्राह्मण, ओबीसी, मुस्लिमों मतदाताओं की अच्छी खासी आबादी है। लंबे समय से कांग्रेस में सक्रिय डा.संजय पालीवाल राजनीति में मजबूत पकड़ रखते हैं, शिक्षित हैं और युवाओं में भी उनका अच्छा खासा प्रभाव है।




