कनखल क्षेत्र से तीन वर्षीय बालिका का अपहरण
सीसीटीवी फुटेज में दिखे बालिका को ले जा रहे महिला व युवक
हरिद्वार, 7 जून। थाना कनखल क्षेत्र से एक तीन वर्षीय बालिका के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस को मिले एक सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध महिला व युवक बच्ची को ले जाते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में बच्ची को गोद में लिए युवक साफ नजर आ रहा है। रविवार सवेरे लगभग साढ़े दस बजे बैरागी कैंप ठोकर नंबर 10 निवासी विनोद सोलंकी की 3 वर्षीय पुत्री अचानक लापता हो गयी।
खोजबीन करने के बाद भी जब बच्ची का कुछ पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जारी करते हुए आमजन से भी बालिका और उसे ले जा रहे युवक व महिला के दिखाई देने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।


