तनवीर
हरिद्वार, 15 फरवरी। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बहादराबाद स्थित स्प्रिंग फिल्ड स्कूल परिसर में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि महंत स्वामी सुतीक्षण मुनि श्री जगद्गुरु उत्तरतीर्थ अखाड़ा ने कहा कि संघ के 100 वर्ष समाज संगठन, राष्ट्र निर्माण और संस्कृति संरक्षण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि जब हिंदू समाज संगठित और जागरूक रहता है, तभी राष्ट्र सशक्त और समृद्ध बनता है।
युवाओं से उन्होंने भारतीय संस्कृति और परंपराओं को आत्मसात कर राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। मुख्य वक्ता संघ के क्षेत्र सह-संपर्क प्रमुख हरीश ने कहा कि शताब्दी वर्ष केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्ममंथन और नवसंकल्प का अवसर है। सामाजिक समरसता, सेवा और राष्ट्रभक्ति के माध्यम से समाज को जोड़ना ही संघ का मूल ध्येय रहा है। उन्होंने सभी से हिंदू समाज की एकजुटता को और सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
बजरंग दल के क्षेत्र संयोजक पश्चिमी उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड अनुज वालिया ने अपने संबोधन में समाज को तथाकथित लव जिहाद जैसी घटनाओं के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि युवाओं को सजग एवं संस्कारित बनाना समय की मांग है तथा अभिभावकों को अपने बच्चों के मार्गदर्शन पर विशेष ध्यान देना चाहिए। इस दौरान महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य शिव आरती का आयोजन किया गया। भव्य कलश यात्रा भी निकाली गई। साथ ही समाज के उन लोगों को सम्मानित किया गया जो अपने पूर्वजों के पारंपरिक व्यवसाय को आगे बढ़ा रहे हैं, जिनमें किसान, बढ़ई, सफाई कर्मी, कुम्हार, शिक्षक आदि शामिल रहे। आयोजकों ने इसे समाज की जड़ों और परंपराओं को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
विनय चौहान के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता रश्मि चौहान ने तथा संचालन वीर प्रताप चौहान ने किया। इस अवसर पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान सहित कार्यक्रम संयोजक राजकुमार, सह संयोजक चंदन चौहान, मंजू देवी, प्रचार प्रमुख सुशांत, कोषाध्यक्ष प्रमोद शर्मा, पंकज, योगेश चौहान, रजनीश, रोहित चौहान, अंश प्रताप, धनंजय प्रताप, सूर्यांश, नीरज प्रधान, मोहित चौहान, रेशु चौहान, तेलूराम चिनालिया, शांति सिंह, उधम सिंह, सिद्धांत, मानसी भार्गव, तारा देवी, सुशील चौहान, चमन चौहान, विवेक चौहान, नितिन चौहान, अभिमन्यु, अर्जुन चौहान, पुष्पेंद्र चौहान, संजय चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


