कमल खडका
हरिद्वार, 3 अक्टूबर। विजडम ग्लोबल स्कूल द्वारा फीस वसूली के लिए अभिभावकों पर दबाव बनाने के विरोध में मेयर अनिता शर्मा, पूर्व सभासद अशोक शर्मा के संयोजन में स्कूल के मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन किया। अभिभावकों के समर्थन में उतरे सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी, शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने भी अपना विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने ज्वालापुर कोतवाली से रेल चैकी तक विरोध प्रदर्शन कर पुतला फूंका। मेयर अनिता शर्मा ने कहा कि अभिभावकों पर दबाव बनाकर फीस वसूलने का काम किया जा रहा है। आॅनलाईन शिक्षा बंद करने का दबाव बनाकर अभिभावकों को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है।
स्कूल प्रबंधन हठधर्मिता दिखा रहा है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि स्कूल प्रबंधन अपनी कार्यशैली में बदलाव लाए। शिक्षा का बाजारीकरण किसी भी रूप में सहन नहीं किया जाएगा। आॅनलाईन शिक्षा बंद कर बच्चों व अभिभावकों को मानसिक परेशानियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधि व शिक्षा विभाग भी स्कूल प्रबंधन के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। मेयर प्रतिनिधि संगम शर्मा ने कहा कि कई हफ्तों से अभिभावक टयूशन फीस के नाम पर अभिभावकों के उत्पीड़न की शिकायत शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों से कर चुके हैं। प्रिंसीपल अभिभावकों के साथ बदसलूकी कर रहे हैं।

सरकार के आदेशों का पालन भी स्कूल प्रबंधन द्वारा ना किया जाना सरकार की उदासीनता को दर्शा रहा है। सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने अभिभावकों के समर्थन में बोलते हुए कहा कि कोरोना काल में सभी वर्ग आर्थिक परेशानियों को झेल रहे हैं। भाजपा के मंत्री व सांसद चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि हठधर्मिता से फीस वसूलने के प्रयासों का विरोध किया जाएगा। विशाल राठौर व सुनील कड़च्छ ने कहा कि अभिभावकों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
टयूशन फीस के नाम पर स्कूल प्रबंधन अन्य खर्चे जोड़कर अभिभावकों का मानसिक शोषण कर रहा है। लेकिन शिक्षा विभाग किसी भी शिकायत का कोई संज्ञान नहीं ले रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हाजी नईम कुरैशी व शहाबुद्दीन अंसारी ने कहा कि स्कूल प्रबंधन को अभिभावकों की पीड़ा समझनी चाहिए। टयूशन फीस के नाम पर मोटी फीस वसूलना सरासर गलत है। प्रदर्शन करने वालों में हरिद्वार लाल, दिनेश पुण्डीर, धर्मपाल ठेकेदार, रविश भटीजा, सोहेल अख्तर, तासीन, रवि बहादुर आदि सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


