विडियो:-कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की लोकसभा उपचुनाव में प्रियंका गांधी को प्रत्याशी बनाने की मांग

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार,16 जून। निवर्तमान महापौर अनिता शर्मा के कनखल स्थित कार्यालय पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक शर्मा की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में प्रस्ताव पारित कर निकट भविष्य में होने वाले लोकसभा उपचुनाव में प्रियंका गांधी को प्रत्याशी बनाने की मांग की गयी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकसभा में प्रियंका गांधी की उपस्थिति से कांग्रेस को और अधिक मजबूती मिलेगी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ेगा। प्रस्ताव कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित कई अन्य वरिष्ठ नेताओं को प्रेषित किया गया। बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कनखल स्थित श्रीयंत्र मंदिर घाट पर प्रियंका गांधी की लंबी आयु के लिए मां गंगा से प्रार्थना की और मां गंगा से प्रार्थना की कि प्रियंका गांधी प्रस्ताव को मान कर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन कर कांग्रेस को और अधिक मजबूती प्रदान करे।


बैठक में निवर्तमान महापौर अनिता शर्मा व उनके प्रतिनिधि अशोक शर्मा ने कहा कि बीते लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने बहुत अच्छा प्रदर्शन करते हुए हिटलरशाही को रोकने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। हाल ही में नीट परीक्षा का पेपर लीक हो गया और केंद्र सरकार के मंत्री कह रहे हैं कि पेपर लीक नहीं हुआ है। जबकि भाजपा की गुजरात सरकार और बिहार की एनडीए सरकार ने कहा कि पेपर लीक हो गया। यह इस बात की दर्शाता है की केंद्र सरकार युवाओं के प्रति कितनी असंवेदनशील है।

सरकार को युवाओं के भविष्य की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा की 2019 की सीटों के मुकाबले 2024 में कांग्रेस ने अपनी सीटों में दुगुने का इजाफा किया है। जिसमें कांग्रेस आलाकमान के साथ प्रियंका गांधी का बहुत बड़ा योगदान है। आज का युवा प्रियंका गांधी की और आशा भरी नजरों से देख रहा है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, देवेश गौतम, सुनील कुमार ने कहा कि हिमाचल का चुनाव हो या कर्नाटक का चुनाव प्रियंका गांधी ने अपनी कार्यशैली का कुशल प्रदर्शन करते हुए से दोनो प्रदेशों में कांग्रेस की सरकार बनवाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

बीते लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने अपनी कार्यशैली और कुशलता का परिचय देते हुए अमेठी, रायबरेली, सहारनपुर सहित कई सीटों पर कांग्रेस का परचम लहराया। उनके द्वारा दिए गए भाषण जनता के दिलों को छूते हैं। इतना ही नहीं जब भाजपा और संघ मिलकर गांधी परिवार पर घटिया हमले कर रहे थे तो उन्होंने बड़ी शालीनता से उनका जवाब दिया। जिससे उनकी छवि एक परिपक्व राजनेता के रूप में उभरी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरने, विपक्षियों द्वारा फैलाए जा रहे झूठ को बेनकाब करने, देश व जनता के मुद्दों को संसद में प्रखरता से उठाने के लिए प्रियंका गांधी का लोकसभा सदस्य होना जरूरी है।

कनखल ब्लॉक अध्यक्ष जतिन हांडा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शुभम अग्रवाल ने कहा कि प्रियंका गांधी एक अच्छी वक्ता भी है जो देश व जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना जानती है। बैठक में निवर्तमान पार्षद जफर अब्बासी, अनुसूचित मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार, सुंदर सिंह मनवाल, नारायण, समर्थ अग्रवाल, सतेंद्र वशिष्ठ, वीरेंद्र भारद्वाज, सुमित भाटिया, तहसीन अंसारी, बृजमोहन बड़थ्वाल, हरद्वारी लाल, वसीम सलमानी, ऐश्वर्य पंत, स्वाति सिंह, लव गुप्ता, शिवप्रसाद सेमवाल, संजय आनंद, राजकुमार ठाकुर, सोनू लाला, जगदीप असवाल, सीपी सिंह, संगम शर्मा, सुमित भाटिया, नारायण कुमार, राजन राठौर आदि प्रमुख रूप् से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *