तनवीर
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार सहित विभिन्न क्षेत्रों में हाल ही में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में अलग-अलग सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े वक्ताओं ने हिंदू सम्मेलन के महत्व पर प्रकाश डाला और समाज में एकता व सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सामाजिक व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। इसी क्रम में हरिद्वार के जाने-माने क्रिकेट कोच अवतार चौधरी और एथलेटिक कोच भारतभूषण को भी सम्मानित किया गया।
बताया गया कि अवतार चौधरी वर्तमान में शौर्य क्रिकेट अकादमी के माध्यम से कई क्रिकेट खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ी आईपीएल सहित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं।
वहीं एथलेटिक कोच भारतभूषण ने भी एथलेटिक्स के क्षेत्र में कई खिलाड़ियों को तैयार कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक दिलवाए हैं। वर्तमान में वे एसएमजेएन डिग्री कॉलेज, हरिद्वार में खेलकूद प्रशिक्षक के पद पर कार्यरत हैं।
ज्ञात हो कि भारतभूषण स्वयं भी अपने खेल जीवन में विभिन्न राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय स्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कई पदक जीत चुके हैं। सम्मेलन में उपस्थित लोगों ने दोनों कोचों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।


