तनवीर
हरिद्वार, 28 अक्तूबर। शिवडेल स्कूल में दीपावली समारोह का आयोजन भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के अध्यक्ष स्वामी शरदपुरी ने किया। सभी को दीपावली की बधाई देते हुए स्वामी शरदपुरी महाराज ने कहा कि दीपावली का पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर जाने की प्रेरणा देता है। यह अवसर हमें याद दिलाता है कि हमारे भीतर की अच्छाइयों को जागृत करना कितना महत्वपूर्ण है। इस दिन हमें एक-दूसरे के जीवन में खुशियों और समृद्धि का दीप जलाने का संकल्प लेना चाहिए। सभी मिलकर प्रेम, करुणा और एकता का संदेश फैलाएं, ताकि हर दिल में दीप जल सके और अंधकार का अंत हो सके।

इस अवसर पर ग्रीटिंग कार्ड, क्राफ्ट मेकिंग, खानपान कला और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। जिनमें सभी कक्षाओं के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए सुंदर ग्रीटिंग कार्ड बनाए और स्कूल को सजाया। बच्चों ने कई प्रकार के स्वादिष्ट पकवान बनाकर उत्सव का आनंद लिया।
इसके अलावा, उन्होंने इको-फ्रेंडली दीपावली, उत्तराखंड में पर्यटन, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत, महिला सशक्तिकरण और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर रंगोली बनाकर सामाजिक संदेश देने का भी प्रयास किया।
स्कूल के प्रधानाचार्य अरविंद बंसल ने कार्यक्रम की सफलता के लिए समन्वयक विपिन मलिक एवं सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उन्होंने बच्चों का भी उत्साहवर्धन किया।


