तनवीर
हरिद्वार, 22 फरवरी। सामाजिक सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने पर डा.चंद्रलाल भारती को श्री राष्ट्रीय रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें इंस्टीट्यूट फॉर सोशल रिफॉर्म्स एंड हायर एजुकेशन की ओर से देहरादून में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल और कैंट विधायक सविता कपूर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अन्य व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। जिनमें लोक निर्माण विभाग हरिद्वार में कार्यरत अपर सहायक अभियंता डा.चंद्रलाल भारती भी शामिल हैं।
मूल रूप से उत्तरकाशी जनपद के ग्राम ब्यॉली निवासी डा.भारती वर्तमान में कुआंवाला में निवासरत हैं। वे लोक निर्माण विभाग हरिद्वार में अपर सहायक अभियंता के पद पर तैनात हैं। शासकीय सेवा के साथ डा.भारती सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। विशेष रूप से निर्बल वर्ग के छात्रों की उच्च शिक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं और जरूरतमंद विद्यार्थियों को मार्गदर्शन व सहयोग प्रदान करते हैं। डा.भारती को सम्मान प्राप्त होने पर स्थानीय नागरिकों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी। देते हुए कहा कि उनका यह सम्मान पूरे हरिद्वार के लिए गर्व का विषय है। उल्लेखनीय है कि डॉ. भारती को पूर्व में भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए कई बार सम्मानित किया जा चुका है।


