हरिद्वार, 16 अक्तूबर। एसएमजेएन कालेज में वाणिज्य संकाय एवं राष्ट्रीय प्रतिभूति बाजार संस्थान द्वारा युवा नागरिकों के लिए वित्तीय शिक्षा पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला में सीए राजीव जैन ने लाइव डेमो द्वारा छात्रों को बाजार में निवेश प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने म्युचुअल फंड और प्रतिभूति बाजार में निवेश के दौरान सावधानियां व सतर्कता के विषय में भी जानकारी दी। साथ ही वित्तीय बाजार में निवेश के साथ आजीविका के बारे में भी छात्रों से विस्तृत चर्चा की। कार्यशाला के दौरान कालेज के प्राचार्य प्रोफेसर एसके बत्रा ने छात्रों से कार्यशाला से संबंधित प्रश्नों के उत्तर पूछे।
जिसमें छात्रों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। प्रोफेसर बत्रा ने छात्रों को बताया कि निवेश बाजार में ऑपरेटर की भूमिका ही महत्वपूर्ण होती है। जिसे निवेश के जोखिम की पूर्ण जानकारी होती है और वह अंशधारकों की जेब से पैसा निकालने की तकनीक जानता है। उन्होंने कहा कि निवेश बाजार में अधिक जोखिम वहन करने की क्षमता रखने वाला निवशेक ही बाजार से अधिक लाभ प्राप्त कर सकता है। इसलिए पूर्ण जानकारी के पश्चात ही निवेश बाजार में कदम रखना चाहिए। इस दौरान एनएसआईएम द्वारा आयोजित परीक्षा में कालेज की बीकॉम की छात्रा समता शर्मा के प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित भी किया गया ।
कार्यशाला के समापन पर प्राचार्य प्रोफेसर एसके बत्रा ने मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता राजीव जैन, जलज जैन, प्रतीक कश्यप को सम्मान चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यशाला का संचालन रिंकल व रिचा मिनोचा ने किया। इस अवसर पर डा.एम.एम.गुप्ता, डा.शिवकुमार चौहान, डा.एम.के. सोही, विनय कुमार थपलियाल, डा.संजय माहेश्वरी, अंकित बंसल, डा.गीता शाह, आस्था आनंद, वैभव बत्रा आदि मौजूद रहे।


