तनवीर
हरिद्वार, 18 मार्च। ज्वालापुर क्षेत्र में दुर्गा चौक अंडरपास के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार में आग लगने से अफरातफरी मच गयी। कार में अचानक लगी आग तेजी से फैली और ऊंची लपटों ने कार को पूरी तरह चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पूरी गाड़ी धू-धूकर जलने लगी। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त कार में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस और फायर विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन आग बूझने तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। कार में आग लगने के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। दमकल विभाग कार में आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी बताया जा रहा है।


