हरिद्वार, 9 जून। थाना सिडकुल क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सिडकुल पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत कर राहगीरों एवं स्थानीय लोगों को असहज करने के आरोप में 5 महिलाओं को हिरासत में लिया।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने बताया कि कुछ महिलाएं थाना क्षेत्र स्थित राठौर प्लाजा होटल के सामने आने-जाने वाले व्यक्तियों को देखकर अशोभनीय एवं अश्लील हरकतें कर रही थीं, जिससे स्थानीय नागरिकों में रोष व्याप्त था। मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष अजय शाह के निर्देशन में टीम गठित की गई तथा महिला उपनिरीक्षक मनीषा नेगी के नेतृत्व में मौके पर कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर सत्यापन किया गया, जहां कुछ महिलाएं आपत्तिजनक हरकतें करती हुई पाई गईं। महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से सभी को मौके पर ही हिरासत में लिया गया। पुलिस टीम में सिडकुल थानाध्यक्ष अजय शाह, वरिष्ठ उननिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, महिला उपनिरीक्षक मनीषा नेगी शामिल रहे।


