Haridwar दीपावली पर्व को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट ने की सरकारी विभागों और व्यापारियों के साथ बैठक , विडियो

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 14 अक्तूबर। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान ने मंगलवार को बिजली, नगर निगम, अग्निशमन और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ व्यापार मंडल प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक ली। बैठक में सुरक्षा और भीड़भाड़ वाले बाजारों की सफाई पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट ने अग्निशमन विभाग को आवासीय क्षेत्र और तंग गलियों में स्थित बाजारों, जहां फायर ब्रिगेड की गाड़ियां नहीं पहुंच पाती है, में आग बुझाने के लिए बाइक फायर टीमों को तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी फायर गाड़ियों को थानावार तैनात करने और जल संस्थान तथा फायर डिपार्टमेंट को संयुक्त रूप से शहर के सभी फायर हाइड्रेंट्स (आग बुझाने के लिए पानी के प्वाइंट्स) का निरीक्षण करके उन्हें दीपावली से पहले हर हाल में कार्यशील बनाने का निर्देश दिया गया है।

त्यौहारों के दौरान बाजारों में भारी भीड़ को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने नगर निगम को सफाई कार्य रात्रि में करने के निर्देश दिए। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि भीड़भाड़ वाले बाजारों और मुख्य मार्गों की सफाई का कार्य दिन के बजाय रात में सुनिश्चित किया जाए। इससे न केवल बाजारों में गंदगी कम होगी, बल्कि दिन के समय यातायात और ग्राहकों को भी असुविधा नहीं होगी।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बिजली विभाग को दीपावली के दौरान अनावश्यक रूप से बिजली कटौती नहीं करने और बिजली व्यवस्था सुचारू और बिना किसी बाधा के जारी रखने के निर्देश दिए।
सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान ने पुलिस विभाग को बाजारों में लगातार गश्त और निगरानी रखने के निर्देश दिए। पटाखे की दुकानें पुलिस द्वारा पूर्व निर्धारित खुले स्थानों पर लगाने और दुकानदारों के पास आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण मौजूद हों, ऐसी व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि संकीर्ण गलियों और घनी आबादी वाले स्थानों में पटाखे की दुकानें लगाने की अनुमति नहीं होगी। सिटी मजिस्ट्रेट कुस्म चौहान ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन जन सुरक्षा के लिए काम कर रहा है। व्यापारी सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करें और प्रशासन द्वारा जारी किए गए निर्देशों में मदद करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *