नासिक कुंभ में जूना अखाड़ा बनाएगा चारों धाम के मंदिर

Haridwar News
Spread the love


हरिद्वार, 29 मई। नासिक, हरिद्वार और उज्जैन मंे होने वाले कुंभ मेलों की तैयारी को लेकर श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े की बैठक आयोजित की गयी। अखाड़े के संरक्षक व अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि महाराज के सानिध्य व मार्गदर्शन तथा अखाड़े के अध्यक्ष एवं सभापति श्रीमहंत मोहन भारती की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कुंभ मेले के दौरान होने वाले निर्माण तथा अन्य महत्वपूर्ण कार्यों पर विचार विमर्श कर प्रस्ताव पारित किए गए।

श्रीमहंत हरि गिरि महाराज के प्रस्ताव पर नासिक-त्रयंबकेश्वर कुंभ मेले में चारों धाम के मंदिर बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने कहा कि मंदिरों के निर्माण से विश्व भर से आने वाले भक्तों व युवा पीढ़ी को सनातन धर्म की महानता का पता चल सकेगा। अखाड़े के अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने बताया कि नासिक-त्रयंबकेश्वर, हरिद्वार व उज्जैन के कुंभ मेलों को लेकर व्यवस्थाओं व निर्माण कार्य संबंधी प्रस्ताव भी पारित किया गया है।

इसमें पार्किंग की समस्या को गंभीर मानते हुए ऐसी व्यवस्था करने पर जोर दिया गया कि भक्तों को वाहन खड़े करने में दिक्कत न हो। घाटों, सड़कों के निर्माण समेत अन्य विकास कार्यों में संतों का पूर्ण सहयोग रहेगा। बैठक में विश्व में चल रहे अस्थिरता व युद्ध के दौर को समाप्त कर शांति स्थापित करने के लिए विशेष पूजा-अर्चना करने का प्रस्ताव भी पास किया गया।
बैठक के उपरांत चारों धाम के मंदिर निर्माण का पूजन जूना अखाड़े के वरिष्ठ अध्यक्ष श्रीमहंत प्रेम गिरि महाराज, वरिष्ठ अध्यक्ष श्रीमहंत उमाशंकर भारती महाराज, श्रीमहंत केदार पुरी महाराज व श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने किया। सभी संतों ने सौभाग्य योग व गुरु प्रदोष काल में श्रीमहंत हरि गिरि महाराज के सानिध्य में त्रयंबकेश्वर महादेव का पूजन-दर्शन किया। गोदावरी पर बन रहे नए घाट का पूजन भी किया गया। बैठक में उपाध्यक्ष श्रीमहंत महेश पुरी, श्रीमहंत आनंदपुरी, सचिव श्रीमहंत रामेश्वरानंद गिरि, सचिव श्रीमहंत आदित्य गिरि, सचिव श्रीमहंत रत्न गिरि, सचिव श्रीमहंत ओम भारती समेत कई संत मौजूद रहे।

Leave a Reply