तनवीर
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन महारा का हरिद्वार पहुंचने पर पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी के आश्रम पर भव्य स्वागत किया। तत्पश्चात प्रदेश अध्यक्ष करन महारा ने हर की पौड़ी पहुंचकर गंगा पूजन कर मां गंगा का आशीर्वाद लिया। इस दौरान करन महारा ने कहा कि जाति धर्म के नाम पर देश में दंगा कराने एवं फिरका परस्त ताकतों को मां गंगा सद्बुद्धि प्रदान करें।
वोट की राजनीति के चक्कर में जाति धर्म के नाम पर बांटने का काम किया जा रहा है देश की जनता को ऐसी ताकतों से सावधान रहने की आवश्यकता है ।देश की आजादी में कांग्रेस पार्टी की निर्णायक भूमिका रही। हमारी पार्टी देश के लिए अच्छे काम करें।उत्तराखंड की खुशहाली की मां गंगा से प्रार्थना की राज्य तरक्की की ओर अग्रसर हो। प्रत्येक कार्यकर्ता संगठित होकर पार्टी हित में अपना योगदान दें। पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष करन महारा साफ छवि ईमानदार पार्टी के प्रति कर्मठता से अपना योगदान देंगे।उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने से कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार है। करण मेहरा का अनुभव अवश्य ही पार्टी हित में मील का पत्थर साबित होगा।
सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि धर्म के नाम राजनीति करने वालों से सचेत हो जाएं। ऐसे लोग देश के विकास में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा मात्र धर्म के नाम पर राजनीति कर लोगों का ध्यान महंगाई बेरोजगारी से हटाना चाहती है।महंगाई लगातार बढ़ रही है। पेट्रोल डीजल खाद्य पदार्थों के दामों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी से आम जनमानस हताश निराश है।
प्रदेश महामंत्री संजीव चौधरी ने कहा कि करण मेहरा को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपे जाने से प्रदेश के युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। संजय चौधरी ने कहा कि कुछ ताकतें देश का माहौल खराब कर रही है। धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम किया जा रहा है ऐसे में प्रत्येक कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है किसान श्रमिक बढ़ती महंगाई से निराश हैं। युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहे हैं। प्रदेश से युवाओं का पलायन जारी है प्रदेश अध्यक्ष करण मेहरा पलायन की समस्या पर राज्य एवं केंद्र को जगाने का काम करेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत ,राजीव चौधरी,अजय सिंह, पुष्कर सारस्वत ,अरविंद शर्मा, विवेक भूषण, अमन गॉड मौजूद रहे।