हरिद्वार, 27 जनवरी। खानपुर विधायक उमेश कुमार के कार्यालय पर फायरिंग करने के मामले में गिरफ्तार पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह को अदालत ने 14 दिन के रिमांड पर जेल भेज दिया। रविवार को पूर्व भाजपा विधायक कुंवर प्रणव ंिसंह ने साथियों सहित निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के कार्यालय पर पहुंचकर फायरिंग कर दी थी। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वारयल हुआ था। विधायक उमेश कुमार की और से जुबेर काजमी ने मुकद्मा दर्ज कराया था।
घटना के बाद कुंवर प्रणव सिंह देहरादून पहुंच गए थे। जहां उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। बाद में हरिद्वार पुलिस ने उन्हें हरिद्वार ले आयी और रानीपुर थाने में रखा गया। सवेरे मेडिकल कराने के बाद उन्हें रोशनाबाद स्थित सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। उनके वकीलों ने उनकी जमानत के लिए अदालत में अर्जी दी। लेकिन अदालत ने अर्जी खारिज करते हुए उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

भाजपा के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह एवं खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के बीच कई दिनों से द्वारा सोशल मीडिया फेसबुक पर एक दूसरे के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग कर एक दूसरे को देख लेने की चुनौती दी जा रही थी। कुंवर प्रणव सिंह द्वारा फेसबुक पर विधायक उमेश कुमार के परिजन एवं माता के लिए कथित अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने पर विधायक उमेश कुमार ने 25 जनवरी की रात कुंवर प्रणव सिंह के आवास पर पहुंचकर सोशल मीडिया पर लाईव आकर कुंवर प्रणव सिंह के प्रति आक्रोश व्यक्त किया। इसके अगले दिन 26 जनवरी को दिन में कुंवर प्रणव सिंह एवं उनके समर्थकों द्वारा उमेश कुमार के रूड़की स्थित आवास पर पहुंचकर गाली गलौच करते हुए फायरिंग की गई। कुंवर प्रणव सिंह की ओर से उनकी पत्नि रानी देवयानी ने रूडकी कोतवाली में मुकद्मा दर्ज कराया गया था। जिसके बाद पुलिस ने उमेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
देर शाम उमेश कुमार को सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। जहां सुनवाई के बाद सीजेएम ने उन्हें जमानत दे दी।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने मामले से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। मुख्य आरोपियों विधायक उमेश शर्मा व पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह को गिरफ्तार किया गया है। दोनों की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मियों को वापस बुलाने के लिए शासन से पत्राचार करने के साथ ही लाइसेन्सी हथियारों के दुरुपयोग के सम्बन्ध में लाइसेन्स निरस्तीकरण के सम्बन्ध में भी कार्यवाही की जा रही है।


