तनवीर
ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच के गठन का निर्णय लिया
हरिद्वार, 8 अप्रैल। ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों की बैठक रानीपुर मोड़ स्थित होटल में आयोजित की गयी। बैठक में अखिल भारतीय देवभूमि ब्राह्मण जन सेवा समिति, उत्तराखण्ड ब्राह्मण सभा, जनपदीय ब्राह्मण सभा, अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद्, ब्राह्मण जागृति संस्था, श्री अखंड परशुराम अखाड़ा के प्रतिनिधि शामिल हुए। ब्राह्मण समाज के सम्मान की रक्षा तथा समाज के प्रति दुर्भावनापूर्ण एवं द्वेषपूर्ण कृत्यों का संगठित रूप से विरोध और समाधान करने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच का गठन करने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पं.पद्म प्रकाश शर्मा एवं पंडित अधीर कौशिक ने ब्राह्मण समाज की एकता पर बल देते हुए कहा कि वर्तमान समय में समाज को संगठित रहने की अत्यंत आवश्यकता है, क्योंकि विखंडन की स्थिति समाज की शक्ति को कमजोर करती है। उन्होंने कहा कि यदि सभी संगठन एक मंच पर आकर कार्य करें, तो समाज के सम्मान, अधिकारों और हितों की रक्षा अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकती है। बालकृष्ण शास्त्री ने देश में लागू की जा रही विभिन्न शैक्षिक एवं सामाजिक नीतियों पर चिंता व्यक्त की। यूजीसी से जुड़े हालिया प्रावधानों और नीतियों का विरोध करते हुए उन्होंने कहा कि यह निर्णय शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता और समान अवसर की भावना के विपरीत हैं। ऐसे किसी भी निर्णय को लागू करने से पूर्व व्यापक स्तर पर संवाद और समीक्षा की जानी चाहिए।
बैठक का संचालन करते हुए अरूण कुमार शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच के माध्यम से समय समय पर सामाजिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मुद्दों पर जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही समाज के युवाओं को संगठित कर उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में डा.अजय वशिष्ठ, शिवकुमार शर्मा, संजय शर्मा, विजयेन्द्र पालीवाल, शैलेन्द्र त्रिपाठी, राजीव शर्मा, विवेक कौशिक, शुभाशीष देवनाथ, ऋषी शर्मा, राजीव राय, जितेन्द्र कुमार शर्मा, अविनाश शर्मा, शम्भू प्रसाद पंत, अमित कुमार शर्मा, सचिन पालीवाल आदि मौजूद रहे।


