विकास झा
15 दिन में डंपिंग जोन शिफ्ट नहीं हुआ तो करेंगे उग्र आंदोलन-विक्की गेरा
हरिद्वार, 22 सितम्बर। नगर निगम के वार्ड 54 में आबादी क्षेत्र से डंपिंग जोन को शिफ्ट किए जाने की मांग को लेकर रविवार को क्षेत्रवासियों ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन को 15 दिन का समय देते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी विक्की गेरा ने आरोप लगाया कि जगजीतपुर -ज्वालापुर संपर्क मार्ग पर आंवला वाला बाग के समीप गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की जमीन पर नगर निगम की ओर से डंपिंग जोन बनाया गया है। इसके चलते दिन भर कूड़े का ढेर जमा रहता है। आबादी वाले क्षेत्र में डंपिंग जोन बनाएं जाने से लोगों का जीवन दुश्वार हो गया है। कूड़े की दुर्गंध से सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है और बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
बार-बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। विक्की गेरा ने कहा कि लंबे समय से स्थानीय लोग डंपिंग जोन को शिफ्ट करने की मांग कर रहे हैं। आम लोगों की शिकायत को अनसुना करने के साथ अधिकारी स्थानीय जन प्रतिनिधियों की भी नहीं सुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि 15 दिन में डंपिंग जोन को शिफ्ट नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में रॉबिन रावत, विपिन, नीतीश, हैप्पी सैनी, रिषभ, भूपेन्द्र, लक्ष्य त्यागी, वंश, आर्यन, बहादुर, पियुष, दिवाकर, पंकज सहित कई लोग शामिल रहे।


