पूर्व सीएम हरीश रावत ने की सिडकुल की परिक्रमा सरकार पर लगाया युवाओं को रोजगार देने में विफलता का आरोप

Haridwar News
Spread the love

तनवीर अली

हरिद्वार, 17 अक्टूबर। स्थानीय युवाओं को औद्योगिक क्षेत्रों में स्थायी रोजगार देने की मांग को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सिडकुल की परिक्रमा कर श्रमिकों से उनकी समस्याओं पर बात की। होटल गार्डेनिया से शुरू हुई परिक्रमा कर वापस सभा स्थल पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस सदैव ही श्रमिकों व किसानों की हितैषी रही है।

कांग्रेस किसानों, मजदूरों के हक की लड़ाई देश में लड़ रही है। उत्तराखण्ड के बेरोजगार युवाओं को औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार नहीं मिल पा रहे हैं। सिडकुल क्षेत्र के कई उद्योगों में कार्यरत मजदूर व कर्मचारियों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। काम के घंटे बढ़ा दिए गए है जबकि वेतन घटा दिया गया है। श्रम कानूनों का उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार मांग रहा है। लेकिन प्रदेश सरकार रोजगार मुहैया कराने में पूरी तरह से फेल साबित हो रही है। औद्योगिक क्षेत्रों में श्रम कानूनों का पालन किया जाए।

साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार मुहैया कराए जाएं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने केंद्र व राज्य सरकारों की जनविरोधी नीतियों पर बोलते हुए कहा कि देश का किसान आर्थिक रूप से कमजोर हो रहा है। कृषि कानून किसानों के हितों को ध्यान में रखकर नहीं बनाया गया है। सत्ता पर काबिज मोदी सरकार किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रही है।

कलियर विधायक फुरकान अहमद व भगवानपुर विधायक ममता राकेश ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों के साथ अन्याय किया जा रहा है। कम वेतन देकर अधिक काम श्रमिकों से लिया जा रहा है। स्थानीय युवा बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं। सरकार गंभीरता से इन मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रही है। प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों से श्रमिक वर्ग हताशा व निराशा का जीवन व्यतीत कर रहा है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष राव आफाक अली ने कहा कि सिडकुल में स्थित अस्पताल मरीजों से मनमाना पैसा वसूल रहे हैं।

स्थानीय लोगों को निजी चिकित्सालयों में सही उपचार नहीं मिल पा रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र में श्रम कानूनों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता निश्चित तौर पर भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है। श्रमिक नेता राजबीर चैहान व प्रदेश प्रवक्ता मनीष कर्णवाल ने कहा कि फैक्ट्रियों में स्थानीय युवाओं को 70 प्रतिशत रोजगार देने की बात की गयी थी। लेकिन प्रदेश सरकार युवाओं को औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार नहीं दे पा रही है।

स्थानीय युवा अन्य प्रदेशों में रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री युवाओं को रोजगार मुहैया नहीं करा पा रहे हैं। पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियां पूरी तरह से जनविरोधी हैं। श्रमिकों की समस्याओं का कोई समाधान सरकार नहीं कर पा रही है। सिडकुल में श्रमिक शोषण का शिकार हो रहे हैं। श्रम कानूनों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। लेकिन सरकार कुछ करने को तैयार नहीं है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रोशनलाल, किसान कांग्रेस के सुशील राठी, जोतसिंह बिष्ट, अमरदीप रोशन, विमला पाण्डे, संतोष चैहान, किरणपाल बाल्मिीकि, ओपी चैहान, रवि बहादुर, नईम कुरेशी, ठाकुर रतन सिंह, रविश भटीजा, संदीप गौड़, गुलबहार खान, दिलशाद खान, राव फरमान आदि सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।
फोटो नं.7-सभा को संबोधित करते हरीश रावत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *