तनवीर
मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर परीक्षा पर करें फोकस
हरिद्वार, 3 फरवरी। दसवीं बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। परीक्षा की तैयारी को लेकर कई छात्र असहज और उलझन का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में सरस्वती विद्या मंदिर भेल सेक्टर-2 की वाणिज्य प्रवक्ता नेहा जोशी ने छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए बताया कि बोर्ड परीक्षा के समय कई विद्यार्थी स्वयं को कमजोर मानने लगते हैं। अधूरा सिलेबस, परीक्षा पैटर्न की उलझन और अंकों का दबाव उन्हें घबराहट में डाल देता है। ऐसे में सफलता के लिए सबसे ज़रूरी है घबराने के बजाय सही रणनीति अपनाना।
नेहा जोशी ने बताया कि सीमित समय में पूरे सिलेबस को विस्तार से पढ़ने के बजाय संक्षिप्त और व्यवस्थित शॉर्ट नोट्स तैयार करना अधिक प्रभावी होता है। इससे कम समय में बार-बार पुनरावृत्ति संभव हो पाती है। साथ ही प्रश्न-पत्र के ब्लूप्रिंट और पैटर्न को समझना भी आवश्यक है, ताकि अधिक वेटेज वाले अध्यायों पर प्राथमिकता दी जा सके। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन की स्पष्ट योजना होनी चाहिए। सरल प्रश्नों से शुरुआत करना और कठिन प्रश्नों के लिए समय सुरक्षित रखना आत्मविश्वास बढ़ाता है। विद्यार्थियों को आपसी तुलना और अनावश्यक प्रतिस्पर्धा से बचना चाहिए, क्योंकि बोर्ड परीक्षा किसी दौड़ का मैदान नहीं है।
सही दिशा, संतुलन और धैर्य के साथ की गई तैयारी से औसत या संघर्षरत विद्यार्थी भी बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। नेहा जोशी ने कहा कि छात्र-छात्राओं को परीक्षा से पहले और परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। इससे उन्हें अपनी तैयारी और परीक्षा पर फोकस बनाने में आसानी होगी। अभिभावकों को भी बच्चों का ध्यान रखना चाहिए और उन्हें पूरा सहयोग देना चाहिए।


