भक्तों को बल, बुद्धि व शौर्य प्रदान करती है मां भगवती-श्रीमहंत रविंद्रपुरी

Haridwar News
Spread the love

राकेश वालिया


हरिद्वार, 24 मार्च। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि नवरात्रों में की जाने वाली पूजा आराधना से प्रसन्न होकर मां भगवती अपने भक्तों को बल, बुद्धि, शौर्य व सभी सुख प्रदान करती है। निरंजनी अखाड़ा स्थित चरण पादुका मंदिर में भक्तों को संबोधित करते हुए श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि मां भगवती सभी देवगणों में सबसे अधिक बलशाली हैं। देवी भगवती की आराधना से सभी देवी देवता प्रसन्न होते हैं।

परम् कल्याणकारी और महाशक्ति की स्वामिनी देवी भगवती की कृपा से प्रत्येक कार्य सरल व सहज रूप से संपन्न होता है। समस्त संसार देवी भगवती में समाहित है। मां भगवती ही समस्त संसार का पालन करती हैं। उन्होंने कहा कि निश्छल भाव से की गयी आराधना से माता प्रसन्न होकर अपने भक्तों के सभी कष्टों का निवारण करती है। देवी भगवती की कृपा से जीवन निष्कंटक हो जाता है। प्रत्येक कार्य में सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि देवी भगवती ममतामयी हैं। वे अपने भक्तों पर सदा ही करुणा बरसाती हैं। जैसे माता अपने पुत्रों से हमेशा स्नेह रखती है। वैसे ही देवी अपने शरण में आए अपने भक्तों पर कृपा बरसाती हैं। मां भगवती के स्मरण मात्र से ही भक्त का कल्याण होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *