तनवीर
हरिद्वार, 17 मार्च। लघु व्यापारियों ने मनसा देवी पैदल मार्ग खोलने और दुकानें लगाए जाने की अनुमति दिए जाने की मांग को लेकर लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में पुराने माल गोदाम से सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन सौंपने के दौरान लघु व्यापारियों ने कहा कि बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, नीलकंठ व पूर्णागिरि मंदिर की तर्ज पर मनसा देवी पैदल मार्ग को खोला जाए और व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन के लिए राजाजी नेशनल पार्क प्रशासन की निगरानी में ईको विकास समिति गठित की जाए।
लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि बीते वर्ष 27 जुलाई को मनसा देवी पैदल मार्ग हुई दुर्घटना के बाद शासन प्रशासन द्वारा पैदल मार्ग को बंद करने के साथ मार्ग पर लगने वाली दुकानों को भी हटवा दिया था। काफी समय बीत जाने के बाद भी अब तक मार्ग नहीं खोला गया है। मार्ग नहीं खुलने और दुकानें नहीं लगने के कारण लघु व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मार्ग खोलने के लिए जल्द से जल्द राजाजी नेशनल पार्क की निगरानी में इको विकास समिति का गठन किया जाए। जिससे लघु व्यापारियों को राहत मिल सके।
लघु व्यापार एसोसिएशन की मनसा देवी इकाई के अध्यक्ष कमल प्रताप चौहान ने कहा कि मार्ग बंद हो जाने के कारण लघु व्यापारियों के परिवार बेहद परेशानी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत सरकार द्वारा मौके का भौतिक परीक्षण कर स्थानीय लघु व्यापारियों को सरकार के संरक्षण में दुकाने लगाए जाने की अनुमति दी जाए। इस अवसर पर राजकुमार, सुनील कुकरेती, कमल, प्रताप, दयाराम, शशिकांत, दुर्गेश, लव कुश, कृष्णागिरी, टिंकू, सुनील, अनिल, वेद प्रकाश, बृजमोहन, संजय चौहान, प्रियंका सिंह, मनीष शर्मा, कुसुम मौर्य, राजकुमार, आरती गोसाई, कमल सरकार, कंचन देवी मीणा, लालचंद, विजय, भोला यादव आदि सहित बड़ी संख्या में लघु व्यापारी मौजूद रहे।


