तनवीर
प्रशासन पर लगाया अतिक्रमण के नाम पर शोषण करने का आरोप
हरिद्वार, 12 अगस्त। मनसा देवी हादसे के बाद प्रशासन पर उत्पीड़न का आरोप लगा रहे लघु व्यापारियों ने मंगलवार को तेज बरसात के बावजूद छाते लेकर लघु व्यापारी नेता संजय चोपड़ा के नेतृत्व में नगर निगम आयुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। नगर आयुक्त ने लधु व्यापारियों को उनकी मांगों के संबंध में उच्चाधिकारियों से वार्ता करने का आश्वासन दिया है।
इस दौरान लघु व्यापार एसोशिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि मनसा देवी मंदिर में हुए हादसे के बाद से ही प्रशासन रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में रेहड़ी पटरी व्यवसायियों का अतिक्रमण के नाम पर शोषण कर रहा है। कहा कि 2012 में 15 वेंडिंग जोन घोषित किए गए थे। जिसमें रोड़ी बेलवाला क्षेत्र भी शामिल था। इसके वाबजूद अतिक्रमण के नाम पर प्रशासन लघु व्यापारियों को खदेड़ने पर लगा हुआ है। कहा कि ठेली रेहड़ी वालों के शोषण को लेकर जल्द ही डीएम मयूर दीक्षित से वार्ता की जाएगी। वार्ता सकारात्मक होने पर सहयोग किया जाएगा, यदि वार्ता सकारात्मक नहीं होती तो आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। संजय चोपड़ा ने कहा कि प्रशासन के शोषण से बचने के लिए सभी को एकजुट होना होगा। यदि संगठित नहीं होंगे तो शोषण बदस्तूर जारी रहेगा। इसलिए सभी को एकजुट होकर आंदोलन को तेज करना होगा।
लघु व्यापार एसोसिएशन महिला मोर्चा की नेता पूनम माकन ने कहा कि अतिक्रमण को लेकर लघु व्यापारियों का शोषण करने के बजाए प्रशासन का एक समान नीति अपनानी चाहिए।
नगर निगम आयुक्त नंदन सिंह ने बताया कि लघु व्यापारियों की मांगों को लेकर जल्द ही वह स्वयं डीएम मयूर दीक्षित से वार्ता करेंगे। इस मौके पर पूनम माकन, कमल शर्मा, किसान नेता अनिल शर्मा, मोनू तोमर, चंद्र प्रकाश शर्मा, राजकुमार एंथनी, तस्लीम अंसारी, आलोक मिश्रा सहित बड़ी संख्या में लघु व्यापारी मौजूद रहे।