तनवीर
हरिद्वार, 22 नवम्बर। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। ललतारौ पुल स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर स्व.मुलायम सिंह यादव को नमन करते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष शंभू प्रसाद पोखरियाल ने कहा कि देश की राजनीति में नेताजी के रूप में पहचान बनाने वाले मुलायम सिंह यादव गरीबों, मजदूरों, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों के मसीहा थे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्र में मंत्री रहते हुए मुलायम सिंह यादव ने वंचित समाज के हितों के लिए अनेक कदम उठाए। प्रदेश उपाध्यक्ष डा.राजेंद्र पराशर ने कहा कि रक्षा मंत्री रहते हुए मुलायम सिंह यादव ने भारतीय सेना के लिए जो ऐतिहासिक कार्य किए उन्हें लोग आज भी याद करते हैं। उन्होंने हमेशा हिंदी भाषा को आगे बढ़ने का कार्य किया। उत्तराखंड में संस्कृत विद्यालयों में संस्कृत शिक्षकों की भर्ती कर ऐतिहासिक कार्य किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने पूरे प्रदेश से चुंगी राज को खत्म किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष शंभू प्रसाद पोखरियाल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र परासर, महानगर अध्यक्ष लव दत्ता, जिला अध्यक्ष साजिद अंसारी, चंद्रशेखर यादव, प्रदेश महासचिव समीर आलम, मशकूर कुरैशी, समाजवादी विचारक वरिष्ठ सपा नेता महंत शुभम गिरी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।