हरिद्वार, 31 दिसम्बर। अध्यात्म चेतना संघ द्वारा आर्य नगर स्थित वेडिंग प्वाइंट सभागार में आयोजित, विराट श्रीमद्भगवद्गीता महोत्सव पूर्णाहुति यज्ञ के साथ सम्पन्न हो गया। इस दौरान श्रद्धालु भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। मुख्य यजमान पं. गणेश शर्मा तथा निकिता शर्मा के साथ-साथ सभी यजमानों तथा उपस्थित श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां देकर देश-दुनिया के लिये मंगलकामनाएं की।
अध्यात्म चेतना संघ के मीडिया प्रभारी तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरुण कुमार पाठक ने बताया कि इस वर्ष संस्था के दो दशक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में, इस समारोह को एक दिन के स्थान पर आठ दिवसीय स्वरूप प्रदान किया गया था। इसके अन्तर्गत कथा व्यास तथा संस्था के संस्थापक आचार्य करुणेश मिश्र की श्रीमद्भागवत कथा, संत समागम, आध्यात्मिक काव्य संध्या, गीता रत्न व हरिद्वार गौरव सम्मान प्रदान किये जाने के साथ-साथ संस्था द्वारा नवम्बर में आयोजित श्रीमद्भगवद्गीता ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।
महोत्सव के समापन पर वरिष्ठ समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा, शिक्षाविद् प्रो.सुनील कुमार बत्रा, पावर लिफ्टर संगीता राणा, कवियित्री कंचन प्रभा गौतम, भूपेन्द्र कुमार गौड़, अरुण कुमार पाठक, विशाल शर्मा, राखी धवन, अर्चना तिवारी, अशोक सरदार, रविन्द्र सिंघल, संगीत गुप्ता, आभा गुप्ता, रश्मि धीमान, विकास शर्मा, योगेश शर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


