तनवीर
हरिद्वार, 30 मार्च। रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में आयोजित क्राईम मीटिंग में एसएसपी नवनीत सिंह ने बीते माह जनपद में घटे अपराधों और उनके खुलासे की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते दिए। इस दौरान एसपी क्राइम व ट्रैफिक निशा यादव, एसपी संचार विपिन कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह एवं एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, कोतवाली तथा थाना प्रभारी मौजूद रहे।
एसएसपी नवनीत सिंह ने फरवरी माह में घटित अपराधों एवं उनके खुलासे की समीक्षा सहित लंबित विवेचनाओं, गंभीर अपराध, चारधाम यात्रा, पुलिस के निर्माणाधीन भवनों के निर्माण कार्य, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मातहतों को दिशानिर्देश दिए। एफएसओ को निर्देश देते हुए एसएसपी ने कहा कि अग्निशमन उपकरणों को कार्यशील दशा में रखें और किसी भी घटना को बड़ा होने से रोकने के लिए फोर्स के साथ तत्काल मौके पर पहुंचें। बढ़ती गर्मी के बीच आग लगने की घटनाओं में वृद्धी होगी। ऐसे में रिस्पांस टाइम सही करने के लिए जवान, वाहन एवं उपकरणों को तैयारी दशा में रखा जाए।
थाना प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आग बुझाने के लिए निकले वाहनों को निर्बाध मार्ग उपलब्ध हो तथा आग बुझाने के दौरान यातायात सुचारू रूप से चलता रहे। एसएसपी ने कहा कि अपराध होने का इंतजार नही करना है। सभी थाना प्रभारी सुनिश्चित करें कि आपराधिक तत्वों को अपराध होने से पहले रोकना हमारी प्राथमिकता रहे। सभी सीओ अपने सर्किल के थानों में ओआर लेकर विवेचकों से मुकदमों की प्रगति के बारे में जानकारी करें तथा बिना किसी अनावश्यक विलंब के दर्ज मुकदमों का निस्तारण सुनिश्चित करें। रंजिश के छोटे-छोटे मामले अक्सर बड़ी घटना का रुप ले लेते हैं।
थाना प्रभारी बीट ऑफिसर्स से इस संबंध में निरंतर वार्ता करें तथा रंजिश रख रहे पक्षों को मैनेज करें। आपराधिक गतिविधियों या लड़ाई-झगड़े में लिप्त अस्लाह धारक के लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट तैयार कर प्रेषित करें। सभी थाने चारधाम यात्रा की संवेदनशीलता पर फोकस करें। सत्यापन अभियान को जारी रखें और शाम के वक्त फोर्स को साथ लेकर स्वयं थाना प्रभारी थाना क्षेत्र में निरंतर चैकिंग करना भी सुनिश्चित करें। निर्माणाधीन थाना भवनों की गुणवत्ता का संबंधित थाना प्रभारी विशेष ध्यान रखें। निर्माण कार्य मानकों के अनुरुप हो। बलवा से संबंधित प्रकरणों में तत्काल एक्शन लेते हुए वैधानिक कार्यवाही करें। जिससे दोषियों को सजा मिल सके। वाहन चोरी के मामलों में तत्काल अभियोग दर्ज किया जाए तथा क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए इन मामलों में सक्रिय गैंग्स पर लगाम लगाएं।
गंभीर अपराधों में फॉरेंसिक टीम मौके पर जाना सुनिश्चित करे, ताकि मौके पर मौजूद वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। थाना प्रभारी सुनिश्चित करें कि आमजन से सभी पुलिसकर्मी उचित व्यवहार करें। वर्दी और पीड़ित की भावनाओं, दोनों का सम्मान जरुरी है। अज्ञात शव मिलने की घटनाओं को सभी प्रभारी गंभीरता से लें। शव की पहचान के लिए डीसीआरबी सहित अन्य साधनों का उपयोग करें। हत्या संबंधी तथ्य प्रकाश में आने पर मुकदमा दर्ज करें।


