तनवीर
व्यापारियों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा-राजेंद्र चौटाला
हरिद्वार, 27 अगस्त। राज्य व्यापार मण्डल की युवा जिला इकाई की बैठक देवपुरा स्थित होटल में आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र चौटाला ने व संचालन युवा इकाई के जिला अध्यक्ष विशाल गोस्वामी ने किया। बैठक के दौरान व्यवसायी रमेश त्रिपाठी ने राज्य व्यापार मंडल की सदस्यता ग्रहण की। बैठक को संबोधित करते हुए विशाल गोस्वामी ने रमेश त्रिपाठी का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन की विचारधारा हमेशा व्यापारी हितों की रक्षा करने की रही है।
जिससे प्रभावित होकर व्यापारी लगातार राज्य व्यापार मंडल से जुड़ रहे हैं। विशाल गोस्वामी ने कहा कि रमेश त्रिपाठी के साथ आने से संगठन को मजबूती मिलेगी और अन्य जिलों के व्यापारी भी संगठन से जुड़ेंगे। बैठक में उपस्थित प्रदेश पदाधिकारीयों ने रमेश त्रिपाठी का फूल माला पहनाकर स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र चौटाला ने कहा कि व्यापारियों का शोषण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारी अपनी एकता की ताकत का प्रयोग कर व्यापारी हितों की लड़ाई मजबूती के साथ लड़ेंगें। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुमित अरोड़ा ने कहा कि संगठन राज्य सरकार से व्यापारी आयोग बनाने की मांग करता आ रहा है।
वर्तमान समय में मध्यम वर्गीय व्यापारी की पीड़ा सुनने वाला कोई नहीं है, ना ही कोई जनप्रतिनिधि व्यापारी की पीड़ा सरकार तक पहुंचाने का काम करता है। विकास के नाम पर केवल मध्यम वर्गीय व्यापारी को उजाड़ा जाता है। जिससे उसे कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। व्यापारी आयोग का गठन होने पर व्यापारी आयोग के माध्यम से अपनी पीड़ा सरकार तक पहुंचा सकेंगे। वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष भगवत अग्रवाल व प्रदेश उपाध्यक्ष विजय प्रजापति ने कहा कि उत्तराखंड में घटता पर्यटन एक चिंतन का विषय है। सरकार को इस और ध्यान देना चाहिए। पिछले दो-तीन वर्षों से लगातार पर्यटन घटता जा रहा है। जिससे व्यापार प्रभावित हुआ है। प्रदेश संगठन मंत्री जसवंत सिंह बिष्ट व प्रदेश प्रचार सचिव गोकुल सिंह रावत ने कहा कि चंडी देवी परिसर में कई वर्षों से व्यापार कर रहे व्यापारियों की दुकानो को प्रशासन द्वारा हटाया जा रहा है।
जिससे उनकी आजीविका पर संकट आ गया है। उन्होंने कहा कि अवैध अतिक्रमण पूर्ण रूप से हटना चाहिए। साथ ही जो लोग प्रभावित हो रहे हैं। उन्हें पुनः स्थापित करवाने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन व सरकार की है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र चौटाला, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुमित अरोड़ा, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष भगवत अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष विजय प्रजापति, प्रदेश संगठन मंत्री जसवंत सिंह बिष्ट, प्रदेश प्रचार सचिव गोकुल सिंह रावत, युवा जिला अध्यक्ष विशाल गोस्वामी, जमालपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद राठौड़, मनोज बिश्नोई सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।


