तनवीर
हरिद्वार, 30 जनवरी। शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर एवं राजलोक विकास समिति के अध्यक्ष विपिन गुप्ता ने बोर्ड परीक्षाओं को देखते विद्युत कटौती नहीं करने की मांग की है। प्रैस को जारी बयान में विपिन गुप्ता ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं अत्यंत निकट हैं। ऐसे समय में भी विद्युत विभाग की लापरवाही लगातार सामने आ रही है। क्षेत्र में प्रतिदिन 5 से 6 घंटे तक अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती से पूर्व न तो विभाग द्वारा कोई सूचना दी जाती है और न ही जनप्रतिनिधियों द्वारा जानकारी मांगने पर कोई संतोषजनक उत्तर दिया जाता है।
इससे आम जनता, अभिभावकों एवं छात्रों में भारी रोष है। बिजली विभाग की यह मनमानी न केवल छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, बल्कि जनता के धैर्य की भी परीक्षा ले रही है। विद्युत विभाग को जनहित में परीक्षा अवधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए तथा कटौती की स्थिति में पूर्व सूचना अनिवार्य रूप से दी जाए, अन्यथा जनता को आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा।


