तनवीऱ
हरिद्वार, 24 जून। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता नवीन कौशिक ने कहा कि वर्षो से जलभराव की समस्या का निस्तारण दोनों ही सरकारें नहीं कर पायी हैं। बरसात में सड़के बरसाती पानी से लबालब भर जाती हैं। व्यापारियों को प्रतिवर्ष बरसात में लाखों का नुकसान झेलना पड़ता है। शिवालिक नगर पाॅश कालोनी में भी बरसाती पानी भर जाता है। रामधाम कालोनी में लोगों को भारी असुविधाओं का सामना बरसाती पानी के कारण करना पड़ता है। कई वर्षो से लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं।
नवीन कौशिक ने कहा कि चंद्राचार्य चौक, रानीपुर, रेलवे पुलिया भगत सिंह चौक, पुराना रानीपुर मोड़ के अलावा कनखल भी जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। सत्ता का सुख भोगने वाली भाजपा व कांग्रेस के जनप्रतिनिधि धर्मनगरी की जनता को जलभराव के संकट से आज तक मुक्ति नहीं दिला पाए हैं। रानीपुर रेलवे पुलिया में पुराने समय से ही जलभराव की समस्या बनी रहती है। विधायक सांसद इस समस्या को भलीभांति जानते हैं। इसके बावजूद भी आज तक यह समस्या हल नहीं हो पायी है। जरा सी बारिश में ही सड़कें पानी से भर जाती हैं।
नई सड़कें जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। डबल इंजन सरकार विकास के दावे तो करती है। लेकिन जलभराव की समस्या से आज तक निजात नहीं मिल पायी है। निर्माण कार्यो में लगातार बंदरबांट की जा रही है। अधिकारी इस और कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। नवीन कौशिक ने कहा कि अपने गृह क्षेत्र की जलभराव की समस्या को चार बार के विधायक व मंत्री रहे मदन कौशिक आज तक हल नहीं कर पाए हैं।
जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया जाता है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार जनहित के मामलों में पूरी तरह से फेल है। मात्र सत्ता की लोलुपता भाजपा व कांग्रेस में बनी रहती है। राज्य में विकल्प के तौर पर आम आदमी पार्टी को प्रदेश की जनता पूरा समर्थन मिल रहा है। उत्तराखण्ड राज्य में सत्ता प्राप्ति के बाद आम आदमी पार्टी दिल्ली की तर्ज पर ही प्रदेश का विकास अवश्य करेगी।